नाबालिग लड़की को बुर्का पहनाने का आरोप, पांच किशोरियों पर एफआईआर दर्ज

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां पांच नाबालिग मुस्लिम लड़कियों पर एक हिंदू नाबालिग लड़की को बुर्का पहनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता के भाई की शिकायत पर उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपित लड़कियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

यह घटना 12 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है, लेकिन इसकी जानकारी अब सामने आई है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के भाई दक्ष चौधरी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बहन पिछले करीब दो महीनों से कुछ लड़कियों के संपर्क में थी और अक्सर उनके साथ बाहर जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लड़कियों ने उसकी बहन को बुर्का पहनाकर बाहर ले जाया, जिससे उन्हें उनके इरादों पर शक हुआ और इसी कारण उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दी।

मुरादाबाद के एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एंटी कन्वर्जन कानून की धारा 3 के तहत किसी भी व्यक्ति द्वारा गलत प्रस्तुतीकरण, दबाव, धोखाधड़ी, लालच या जबरदस्ती के जरिए धर्म परिवर्तन कराने को अपराध माना जाता है। यदि आरोप साबित होते हैं तो दोषियों को पांच साल से लेकर चौदह साल तक की सजा का प्रावधान है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story