ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की हत्या, सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार रात गोलियों की गूंज से इलाका दहल उठा। पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में स्थित मौजपुर के मिस्टर किंग लाउंज एंड कैफे के बाहर 24 वर्षीय युवक को बेरहमी से गोलियों से भून दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने लगातार करीब पांच मिनट तक फायरिंग की और दो मैगजीन खाली कर दीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फैजान उर्फ फज्जी पुत्र सेहरोज आलम निवासी जेएमसी वेलकम के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। इस वारदात ने एक बार फिर दिल्ली की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वेलकम थाना पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और वारदात के पीछे की वजह भी सामने लाई जाएगी।
राजधानी में खुलेआम हुई इस सनसनीखेज गोलीकांड की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और गहरा गई है।
