भीलवाड़ा में गणतंत्र दिवस पर ट्रैफिक प्लान जारी, पार्किंग और रूट डायवर्जन तय

भीलवाड़ा। 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष पार्किंग और रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करें।
पुलिस प्रशासन के अनुसार समारोह में आने वाले आगंतुकों के लिए अलग अलग स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की गई है। संतोषी माता मंदिर रोड से पांडु के नाले की ओर से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग अजूबा नर्सरी के पास रहेगी। वहीं खडेश्वर जी महाराज मंदिर की ओर से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए एमटीएम परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
खडेश्वर जी महाराज मंदिर की ओर से छात्र छात्राओं को लाने वाली बसों की पार्किंग संतोषी माता मंदिर रोड पर रेलवे लाइन के पास रहेगी। वीआईपी और विशिष्ट जनों, मीडिया कर्मियों तथा सरकारी वाहनों के लिए पुलिस लाइन में जीडी आरआई कार्यालय के पास हॉकी ग्राउंड में पार्किंग तय की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समारोह शुरू होने से लेकर समाप्ति तक सभी आगंतुकों को अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े करने होंगे।
समारोह स्थल के आसपास की कॉलोनियों के लिए रूट डायवर्जन भी लागू रहेगा। संतोष कॉलोनी, चपरासी कॉलोनी और मारुति कॉलोनी से शहर की ओर जाने वाला यातायात पांडु के नाले अंडरब्रिज और गायत्री आश्रम होते हुए प्रवेश करेगा। शिव नगर, विवेकानंद नगर और पुलिस लाइन के पास से गुजरने वाले वाहनों को रामनगर सर्किट हाउस रोड से होकर शहर में जाना होगा।
खडेश्वर जी महाराज मंदिर की ओर से इन कॉलोनियों में जाने वाले वाहन रामनगर सर्किट हाउस रोड, ओवरब्रिज, अजमेर चौराहा, गायत्री आश्रम और पांडु के नाले के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित रूट का पालन कर शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें।
