सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, तीसरा फरार

भजन संध्या में गए परिवार की गैरमौजूदगी का उठाया फायदा, ताले तोड़ उड़ाए सोने-चांदी के जेवर

भीलवाड़ा BHN. शहर के विवेकानंद नगर इलाके में सूने मकान में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का गांधीनगर थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपित अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

भजन संध्या में गया परिवार, पीछे से चोरों ने बोला धावा

पुलिस के अनुसार विवेकानंद नगर निवासी पीयूष शर्मा 19 जनवरी को अपने माता-पिता के साथ आजाद नगर स्थित बहन के घर आयोजित भजन संध्या में शामिल होने गए थे। रात करीब 9 बजे से 12:45 बजे तक उनका मकान पूरी तरह सूना था। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर के ताले तोड़ दिए और भीतर घुसकर अलमारी खंगाल डाली।

सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर किया हाथ साफ

चोर मकान से 3:30 तोला सोने के जेवर, मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब-बिछिया और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी का पता चलने पर पीयूष शर्मा ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रावत सिंह को सौंपी गई।

जांच में नया मोड़, रिपोर्ट की गई नगदी घर में ही मिली

जांच के दौरान पीयूष शर्मा ने पुलिस को बताया कि रिपोर्ट में दर्ज कराई गई नगदी और एक सोने की बाली बाद में घर में ही सुरक्षित मिल गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदली और अन्य सुरागों पर फोकस किया।

दो आरोपित दबोचे गए, वारदात कबूली

पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर फरहान खान पुत्र प्यारे खान पठान, निवासी मीरा नगर (मूल निवासी हाथरस, उत्तर प्रदेश) और दिनेश पुत्र दुर्गालाल रेगर, निवासी कोठियां, थाना फुलियाकला को डिटेन कर पूछताछ की।कड़ी पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया और बताया कि इस घटना में उनका एक अन्य साथी भी शामिल था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

तीसरे आरोपी की तलाश तेज, माल बरामदगी के प्रयास

पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर चोरी गए जेवरात और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।

सूने मकानों पर नजर रखने की अपील

इस घटना ने एक बार फिर सूने मकानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर छोड़ते समय पड़ोसियों को सूचना दें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।

Next Story