जाट महासभा के प्रदेश महासचिव समेत तीन की सड़क हादसे में मौत, संत रामपाल के आश्रम से दर्शन कर लौट रहे थे

भरतपुर। हरियाणा में हुए भीषण सड़क हादसे में राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश महासचिव खेम सिंह चौधरी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना महेंद्रगढ़ जिले के बचावास गांव के पास नेशनल हाईवे 152 डी पर उस समय हुई, जब वे देर रात संत रामपाल के आश्रम से दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार खेम सिंह चौधरी निवासी मानोता खुर्द अपने साथी रमेश चंद मीणा और भागचंद मीणा के साथ गुरुजी से मिलने महेंद्रगढ़ गए थे। वापसी के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
घटना की खबर फैलते ही जाट समाज और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। खेम सिंह चौधरी सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे तथा जाट महासभा में प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन से समाज को गहरा आघात पहुंचा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
खेम सिंह चौधरी अपने पीछे एकमात्र पुत्र भोलू उर्फ भुवनेश को छोड़ गए हैं, जिसकी उम्र 23 वर्ष बताई जा रही है और वह वर्तमान में पढ़ाई कर रहा है। पिता के असमय निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों, सामाजिक संगठनों और समाज के लोगों ने घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
