प्रेमविवाह के तीन साल बाद महिला की रहस्यमयी मौत, टूटा पैर और गर्दन पर निशान, हत्या की आशंका से हड़कंप

भीलवाड़ा BHN. जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र के पीपलूंद गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। तीन साल पहले गैर समाज के युवक से प्रेम विवाह करने वाली महिला की लाश घर की रसोई में मिली। मृतका का पैर टूटा हुआ था और गर्दन पर गहरे निशान पाए गए। हाथ और मुंह पर भी चोटों के निशान थे। हालात को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है और जांच एसडीएम स्तर पर कराने का निर्णय लिया गया है। पुलिस को हत्या की आशंका भी सता रही है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर शंकर सिंह मौके पर जाब्ते के साथ पहुंचे। मकान के रसोई घर में 23 वर्षीय रिंकू पत्नी अशोक खारोल मृत अवस्था में पड़ी मिली। शव की स्थिति और चोटों के निशान देख पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल भिजवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

रिंकू के पति अशोक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि अशोक उस समय बूंदी गया हुआ था। रिंकू ने जेठ के बेटे के लिए टिफिन तैयार किया था। इसके बाद जेठ बेटे को स्कूल छोड़ने चला गया। घर में उस वक्त रिंकू अकेली थी। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो रिंकू रसोई में मृत पड़ी मिली। उसने तुरंत बूंदी गए अशोक, मां, बहन और जीजा को सूचना दी। बाद में परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि रिंकू माली समाज से थी और उसने तीन वर्ष पहले पीपलूंद निवासी अशोक खारोल से प्रेम विवाह किया था। दोनों तभी से साथ रह रहे थे। रिंकू की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने शव लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पोस्टमार्टम के उपरांत शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया।

Next Story