कनेछनकलां में कत्ल-: घर में अकेली महिला का गला घोंटा, गहने लूटे, नौकरी और मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन

घर में अकेली महिला का गला घोंटा, गहने लूटे, नौकरी और मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन
X

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के कनेछनकलां गांव में घर में अकेली महिला की गला घोंटकर हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। बदमाश, कत्ल कर महिला के पहने सोने चांदी के गहने भी लूट ले गए। मृतका के परिजनों और समाज के लोगों ने सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद सोमवार दोपहर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा गया।

रात जागरण से लौटने के बाद हुई वारदात

पुलिस के अनुसार कनेछनकलां निवासी बसंती 45 पत्नी मोहनलाल बैरवा शनिवार रात गांव में आयोजित रात्रि जागरण में गई थी और करीब एक बजे घर लौटी। इसके बाद बदमाश घर में घुस आए और अकेली होने का फायदा उठाकर उस पर हमला कर दिया।

गला दबाकर हत्या, जेवरात गायब

आरोप है कि बदमाशों ने बसंती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और उसके पहने मांदलिया, रामनामी, झुमरियां, नथ सहित अन्य जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद शव को तीन कंबलों से ढंककर आरोपी फरार हो गए।

शाम को सास के आने पर खुला राज

बसंती का पति, बेटा, पुत्रवधु और सास भीलवाड़ा में मजदूरी करते हैं जबकि बसंती गांव में घर की देखभाल के लिए रहती थी। रविवार देर शाम सास जब गांव स्थित मकान पहुंची तो ताला लगा मिला। चाबी नहीं मिलने पर परिवार की एक लडक़ी से पूछताछ की गई, जिसके पास चाबी मिली। ताला खोलकर अंदर जाने पर बसंती कंबलों में ढंकी हुई मिली। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। कंबल हटाने पर गले पर निशान पाए गए और जेवरात गायब थे।

मांगों को लेकर हुआ प्रदर्शन

घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने मृतका के आश्रित को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे पोस्टमार्टम नहीं हो सका। सोमवार को डीएसपी शाहपुरा, थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह और तहसीलदार फूलियाकलां ने लोगों से समझाइश कर मामला शांत कराया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

बसंती के बेटे रामकुमार की रिपोर्ट पर फूलियाकलां थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसी टीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सभी एंगल से जांच जारी है।

Next Story