भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर जब्त

भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर जब्त
X

भीलवाड़ा BHN. जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कोटड़ी थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गारनेट और बजरी के अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन, दस ट्रैक्टर मय ट्रॉली, एक डंपर तथा तीन सेपरेटर मशीनें जब्त की हैं। इस दौरान अवैध खनन व परिवहन के कुल सात प्रकरण दर्ज कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश के लिए दबिशें दी जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य आरपीएस, वृताधिकारी सदर माधव उपाध्याय आईपीएस प्रोबेशनर तथा वृत्ताधिकारी कोटड़ी सुरेश डाबरिया आरपीएस के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। कोटड़ी थानाधिकारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार जिला स्पेशल टीम द्वारा पहले एक डंपर, एक जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर ट्रॉली को डिटेन किया गया। इसके बाद उदलियास क्षेत्र में सरकारी जमीन पर चल रहे अवैध खनन पर दबिश देकर तीन सेपरेटर मशीनें जब्त की गईं। वहीं कोठारी नदी क्षेत्र के सातोला का खेड़ा में अलसुबह कार्रवाई करते हुए सात ट्रैक्टर ट्रॉली अवैध रूप से बजरी से भरी हुई जब्त की गईं।

जिला पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे अवैध खनन गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में कोटड़ी थाना प्रभारी महावीर प्रसाद सहित उनकी पूरी टीम की अहम भूमिका रही।

Next Story