ढाबे पर डबल मर्डर,: पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार , पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

गाजियाबाद: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक ढाबे पर हुए डबल मर्डर के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने रविवार और सोमवार की देर रात एक कार्रवाई में इस मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार:
इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, पुलिस को आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत अंडरपास के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। बाइक पर सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और इस दौरान पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों को गंभीर हालत में मौके पर ही गिरफ्तार कर इलाज के लिए भेजा गया।
विवाद कैसे शुरू हुआ:
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात गाजियाबाद के एक भोजनालय में खाना परोसने में देरी को लेकर विवाद शुरू हुआ। नशे में दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद एक युवक ने गुस्से में भोजनालय के कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। कुछ देर बाद ढाबे का मालिक धर्मेंद्र अपने चार कर्मचारियों के साथ लाठियों और रसोई के चाकुओं से युवकों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो युवकों – श्रीपाल और सत्यम – की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।
अब तक की कार्रवाई:
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने होटल मालिक धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया था। मृतक दोनों युवक बहराइच जिले के निवासी थे और खोड़ा के नेहरू विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे। अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की पूरी सच्चाई उजागर करने और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है।
