खदान में डूबे छात्र की मौत , दोस्तों की आंखों के सामने पानी में समा गया साथी, बचाने की कोशिशें रही नाकाम

भीलवाड़ा बीएचएन। बारिश के पानी से भरी खदान में नहाने गया एक किशोर जिंदगी की जंग हार गया। दोस्तों के साथ हंसी मजाक करते हुए घर से निकला गोविंद सिंह कभी नहीं लौटेगा, इस बात का अंदाजा किसी को नहीं था। पल भर में खुशियों का माहौल चीख पुकार और मातम में बदल गया।
एएसआई शिवराज सिंह के मुताबिक, पुर थाना क्षेत्र के अलास्का रिसोर्ट के पास रविवार को हुए इस हादसे में अरिहंत विहार के बालाजी विहार निवासी गोविंद सिंह 16 पुत्र अजय सिंह अपने दो दोस्तों राजवीर सिंह और रितिक यादव के साथ नहाने उतरा था। खदान के एक हिस्से में पानी कम था, जबकि दूसरा हिस्सा अचानक गहरा हो जाता है। नहाते समय गोविंद का पैर फिसला और वह गहराई में चला गया। घबराकर उसने रितिक को पकड़ लिया, जिससे दोनों डूबने लगे।
राजवीर ने हिम्मत दिखाते हुए रितिक को तो बाहर खींच लिया, लेकिन गोविंद हाथ से छूट गया और पानी में समा गया। दोनों दोस्तों ने रस्सी से तलाश की, आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, मगर कोई आगे नहीं आया। बेबस निगाहों से अपने साथी को डूबते देखना दोनों युवकों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।
सूचना मिलते ही परिजन दौड़ पड़े और पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोविंद को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गोविंद पढ़ाई करता था और दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से घर में चीख पुकार मच गई। जबकि मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
