निकाय चुनाव से पहले अजमेर रेंज में तबादलों की तैयारी तेज, लंबे समय से जमे थानेदारों पर नजर

निकाय चुनाव से पहले अजमेर रेंज में तबादलों की तैयारी तेज, लंबे समय से जमे थानेदारों पर नजर
X

अजमेर। आगामी निकाय चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत पुलिस महकमे में प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने रेंज के जिलों में तैनात निरीक्षक और उपनिरीक्षकों की तबादला संबंधी जानकारी तलब की है।

जानकारी के अनुसार आईजी ने ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार करवाई है जो तीन साल या पांच साल से एक ही जिले अथवा थाने में पदस्थ हैं। इन अधिकारियों को जिले से बाहर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। इसके तहत संबंधित पुलिस अधिकारियों से तबादले के लिए तीन इच्छित स्थानों के नाम भी मांगे गए हैं। आदेश के बाद से ही पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।

बताया जा रहा है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की निष्पक्षता पर सवाल न उठे, इसके लिए यह कदम उठाया जा रहा है। खासतौर पर लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे और स्थानीय स्तर पर प्रभाव रखने वाले पुलिस अधिकारियों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इस कवायद में बड़ी संख्या में थानाधिकारियों के फेरबदल की संभावना जताई जा रही है और कई संवेदनशील व शहरी इलाकों में नए प्रभारी लगाए जा सकते हैं।

पुलिस महकमे के सूत्रों के अनुसार इसे निकाय चुनाव से पहले की सामान्य लेकिन अहम प्रशासनिक प्रक्रिया माना जा रहा है। आने वाले दिनों में संभाग के सभी जिलों की पुलिस व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है।

Next Story