चाइनीज मांझे से मौत पर अब हत्या का मुकदमा,

लखनऊ गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से हो रही लगातार मौतों को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति की जान चाइनीज मांझे की वजह से जाती है तो इसे सामान्य हादसा नहीं माना जाएगा बल्कि हत्या की श्रेणी में रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज किया जाएगा।

प्रदेश में पिछले एक वर्ष के दौरान चाइनीज मांझे से जुड़े आठ गंभीर हादसे सामने आ चुके हैं। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में नाराजगी जताई और पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद यह खतरनाक मांझा बाजारों तक कैसे पहुंच रहा है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए कि जिलों में तुरंत छापेमारी शुरू की जाए और खरीद बिक्री, भंडारण व सप्लाई करने वालों पर ऐसी कार्रवाई हो जो उदाहरण बने।

सीएम योगी ने साफ कहा कि अब इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए कि अवैध मांझे के पूरे नेटवर्क की पहचान की जाए और इसके स्रोत तक पहुंचकर सख्त कदम उठाए जाएं।

सरकार की इस सख्ती की पृष्ठभूमि में चार फरवरी को लखनऊ में हुई एक दर्दनाक घटना बताई जा रही है। शहर में बाइक से जा रहे एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई थी। मांझा गले में फंसते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और काफी देर तक तड़पता रहा। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद शोएब के रूप में हुई है। इस घटना के बाद प्रशासन पर दबाव और तेज हो गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि केवल कार्रवाई ही नहीं बल्कि जनता के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। लोगों को बताया जाए कि यह मांझा कितना जानलेवा हो सकता है और इसे इस्तेमाल करना खुद के साथ दूसरों की जिंदगी के लिए भी खतरा है। सरकार ने दो टूक कहा है कि अगर किसी की लापरवाही से मौत होती है तो संबंधित लोगों पर सीधे हत्या की धाराएं लगेंगी।

Next Story