नागौर: कबूतर ने उड़ाई सोने की चेन, सर्राफा बाजार में मची हलचल

नागौर, डेगाना। गुरुवार को डेगाना सर्राफा बाजार में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक कबूतर ने ज्वैलरी की दुकान में बने आभूषण को उड़ाकर फरार होने की कोशिश की। घटना में सात ग्राम की सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए थी, कबूतर की चोंच में दबाकर उड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रामेश्वर प्लाजा में स्थित ज्वैलरी की एक दुकान के ऊपर बने कमरे में कारीगर सामीन बंगाली दोपहर लगभग 12 बजे सोने की चेन तैयार कर रहा था। तभी कमरे के आसपास आए कुछ कबूतरों में से एक ने तैयार की गई चेन को चोंच में दबा लिया और पास की छत पर उड़ गया।
सूचना मिलने पर बाजार के अन्य व्यापारी और दुकानदार घटनास्थल पर पहुंच गए और कबूतर पर नजर रखते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की। उड़ान भरते समय चेन कबूतर के मुंह से छूटकर छत पर गिर गई। काफी खोजबीन के बाद चेन सुरक्षित बरामद कर ली गई।
व्यापारियों ने बताया कि सोने के बढ़ते दामों के कारण सुरक्षा पर पहले से ही सतर्कता रखी जा रही है, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई। पूरे दिन यह मामला बाजार और शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
