प्रेम कहानी का खौफनाक अंत, युवती की हत्या कर युवक ने खुद भी काटा गला, गांव में मातम

मुजफ्फरनगर। जिले के जानसठ क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने युवती की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद का भी गला काट लिया। यह वारदात उस समय हुई जब युवती के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और आठ फरवरी को बारात आने वाली थी।
जानसठ के गांव भलवा निवासी रोहित और प्रगति के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों के घर आमने सामने थे, लेकिन परिजनों के विरोध के कारण उनके रास्ते अलग कर दिए गए थे। पिछले वर्ष भी दोनों की शादी कहीं और तय की गई थी, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया था। इस बार पहले प्रगति और फिर रोहित की शादी तय हुई थी। प्रगति की शादी आठ फरवरी को सरधना क्षेत्र में होनी थी, जबकि रोहित की बारात 28 फरवरी को तिगाई गांव जानी थी।
करीब पंद्रह दिन पहले रोहित ने साफ कह दिया था कि वह किसी और से शादी नहीं करेगा और केवल प्रगति से ही करेगा। इसके बाद उसकी शादी टूट गई। प्रगति की शादी की तारीख नजदीक आने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। वह मौका पाकर प्रगति के घर पहुंचा। कमरे में कुछ देर बातचीत के बाद उसने नए चाकू से प्रगति का गला काट दिया और फिर खुद को भी घायल कर लिया।
पुलिस ने मौके से नया चाकू बरामद किया है और आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने वारदात से एक दो दिन पहले ही चाकू खरीदा था और पूरी योजना पहले से बनाई गई थी। दोनों पहले गुरुग्राम में नौकरी करते थे। प्रगति एक निजी कंपनी में काम करती थी, जबकि रोहित कभी रोडवेज परिचालक तो कभी निजी नौकरी के बहाने वहां आता जाता रहता था।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
