पेट्रोल डालकर युवक को जलाने का आरोपित युवक गिरफ्तार

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के मंडोल बांध गांव में शुक्रवार को एक किशोर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के मामले में बिजौलियां पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।

बिजौलियां पुलिस के अनुसार, फतेहपुर निवासी घायल गिलूराम बंजारा (16) शुक्रवार को मंडोल गांव आया था। आरोप है कि एक परिवार ने गलतफहमी के चलते उसे घेर लिया। इस परिवार के युवक राजेश पुत्र गोपाल बंजारा ने गिलूराम पर लाठियों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद राजेश ने गिलूराम की बाइक से पेट्रोल निकालकर गिलूराम और उसकी बाइक पर डाल दिया और आग लगा दी।

घायल गिलूराम को बिजौलियां में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया। घटना की शिकायत गिलूराम के चाचा मदनलाल बंजारा ने राजेश और उसके पिता गोपाल बंजारा के खिलाफ दर्ज करवाई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजेश को गिरफ्तार किया और फिलहाल मुकदमे की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपित को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story