जंगल में वनकर्मी बनकर दिनदहाड़े लूट: बदमाशों ने जीजा को बंधक बनाकर साली से लूटे चांदी के कड़े , ग्रामीणों में दहशत

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के बीगोद थाना इलाके के नला का कुआं गांव के जंगल में तीन बदमाशों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर बकरियां चरा रहे जीजा -साली को निशाना बनाया। बदमाशों ने पहले जीजा को बंधक बनाया और फिर उसकी साली के पैरों में पहने करीब 750 ग्राम चांदी के कड़े कुल्हाड़ी से खोलकर लूट लिए। वारदात के बाद तीनों बदमाश जंगल की आड़ में फरार हो गए।
बीगोद पुलिस के अनुसार, नला का कुआं निवासी भागचंद पुत्र नोला मीणा और उनकी साली हरकू पत्नी लादूलाल मीणा शुक्रवार को जंगल में बकरियां चरा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे सूरताई का झोंपड़ा गांव की ओर से तीन व्यक्ति वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताते हुए दोनों को धमकाया और कहा कि जंगल में बकरियां क्यों चरा रहे हो और पेड़ क्यों काट रहे हो।
बातों ही बातों में तीन में से दो बदमाशों ने भागचंद को पकडक़र नीचे बैठा दिया और उसके हाथ से कुल्हाड़ी छीन ली। कुछ दूरी पर खड़ी हरकू के पास पहुंचे तीसरे बदमाश ने उसे धमकाते हुये उसके पैरों में पहने 750 ग्राम चांदी के कड़े कुल्हाड़ी से खोल लिए और मौके से लूट कर भाग निकले।
घटना के बाद भागचंद ने अपनी साली को गांव भेजकर लोगों को सूचना देने को कहा और खुद लुटेरों के पीछे दौड़ा, लेकिन कुछ दूर जाकर बदमाश जंगल में गायब हो गए। सूचना मिलते ही बीगोद थाना प्रभारी जय सूल्तान सिंह और बरुंदनी चौकी प्रभारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पीडि़तों से पूछताछ की। पारसोली थाना पुलिस को भी अलर्ट कर जंगल और आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश करवाई गई, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया।
दिनदहाड़े जंगल में हुई इस दुस्साहसिक लूट की घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो लोग जंगल जाने से भी डरने लगेंगे। पुलिस ने लुटेरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।
