प्रेमिका के पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, संगम विहार में सनसनी

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक ने अपनी प्रेमिका के पति को सिर में गोली मार दी। वारदात गली नंबर तीन की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दक्षिण जिले के डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि मृतक की पहचान 27 वर्षीय रविंदर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले का रहने वाला था और हाल ही में संगम विहार में परिवार के साथ रह रहा था। आरोपी 28 वर्षीय योगेंद्र भी फर्रुखाबाद का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद कर ली है। बताया गया कि वारदात के समय आरोपी शराब के नशे में था।
पुलिस पूछताछ में योगेंद्र ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार की सहमति न मिलने पर तीन महीने पहले युवती की शादी रविंदर से कर दी गई। इससे वह बेहद नाराज था। उसने पहले प्रेमिका से साथ चलने के लिए कहा, लेकिन जब उसने इनकार कर दिया तो उसने रविंदर को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। इसी साजिश के तहत उसने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी।
डीसीपी के अनुसार, घटना की सूचना 6 जनवरी की सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर संगम विहार थाने को मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो रविंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
