शम्भूगढ़ पुलिस कीकार्रवाई, ट्रांसफार्मर चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार, दो वाहन जप्त

भीलवाड़ा। शम्भूगढ़ थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांसफार्मर (डीपी) चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 जनवरी 2026 को कनिष्ठ अभियंता हुरड़ा विशाल मीणा ने रिपोर्ट दी थी कि उपखण्ड क्षेत्र में लगे सरकारी ट्रांसफार्मरों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा क्षतिग्रस्त कर उनमें से तेल व कॉयल चोरी कर ली गई। इस पर थाना शम्भूगढ़ में प्रकरण संख्या 14/2026 धारा 136 विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, बीटीएस का सूक्ष्म विश्लेषण किया और संदिग्धों से पूछताछ की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रकाश भील (24) पुत्र नन्दराम भील निवासी लाम्बियाकलां थाना रायला, पंकज सिंह (24) पुत्र देवराज सिंह निवासी कावाखेड़ा थाना कोतवाली, किशन भील (19) पुत्र शंकर भील निवासी लाम्बियाकलां थाना रायला, कन्हैयालाल (31) पुत्र लक्ष्मण दास निवासी सुरास थाना मांडल तथा विशाल जोशी (25) पुत्र सत्यनारायण जोशी निवासी कोषिथल थाना रायपुर जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले ईको कार से रैकी कर सुनसान स्थानों और आने-जाने के रास्तों का चयन करते थे। इसके बाद पिकअप वाहन से एक ही रात में चार-पांच स्थानों से ट्रांसफार्मर गिराकर ले जाते, सुनसान जगह पर डीपी को तोड़फोड़ कर उसमें से तांबा निकाल लेते और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर वहीं छोड़ देते थे। पुलिस ने रैकी में प्रयुक्त ईको कार तथा वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप को जब्त कर लिया है। ट्रांसफार्मर चोरी से जुड़े अन्य मामलों को लेकर आरोपियों से गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
