फिल्मी स्टाइल में रेड: आयकर अधिकारी बन व्यापारी को धमकाने पहुंचा राजस्थान का 'नेता', ओवरएक्टिंग ने पहुंचाया जेल

सूरत (हलचल)। गुजरात के सूरत में एक शख्स को 'स्पेशल 26' फिल्म की तर्ज पर फर्जी आयकर अधिकारी बनकर ठगी करना भारी पड़ गया। सूट-बूट, टाई और ब्रांडेड चश्मे में रौब जमाते हुए आरोपी ने टेक्सटाइल व्यापारी के यहां छापा मारा, लेकिन उसकी 'ओवरएक्टिंग' ने सारा खेल बिगाड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है, जो मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है।
30 लाख की मांग, 4 लाख में तय हुआ सौदा
वराछा थानाधिकारी आरबी गोजिया ने बताया कि आरोपी विजय सिंह चौहान (51) शनिवार को ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट स्थित एक दुकान में आयकर अधिकारी बनकर घुसा। उसने टैक्स में अनियमितता का डर दिखाकर व्यापारी से 30 लाख रुपए की डिमांड की। काफी सौदेबाजी के बाद मामला 4 लाख रुपए में तय हुआ। आरोपी ने रकम लेने के लिए व्यापारी को 'ब्लीस होटल' बुलाया।
बातों और व्यवहार से हुआ शक
व्यापारी के अनुसार, आरोपी फाइलें मेज पर पटककर और ऊंची आवाज में बात कर डर पैदा करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन उसकी बातचीत के तरीके और संदिग्ध व्यवहार से व्यापारी को शक हो गया। व्यापारी ने चतुराई दिखाते हुए तुरंत वराछा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने होटल में जाल बिछाया और जैसे ही विजय सिंह पैसे लेने पहुंचा, उसे दबोच लिया गया।
राजस्थान से लड़ चुका है विधानसभा चुनाव
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी विजय सिंह पाली जिले के बीजापुर का निवासी है। शातिर आरोपी का राजनीतिक इतिहास भी रहा है; वह साल 2008 में राजस्थान की बाली विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुका है। उस चुनाव में उसे मात्र 875 वोट मिले थे। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों और पूर्व में की गई ठगी की वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
