कमरे में फंदे पर झूलता मिला बेटा: युवक की आत्महत्या से मचा हड़कंप, पिता बुलाने पहुंचे तो दिखा भयावह दृश्य

भीलवाड़ा । प्रताप नगर थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद नगर में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जैसे ही पिता बेटे को कमरे में बुलाने पहुंचे, सामने का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटा मफलर से बने फंदे पर झूल रहा था। घर में चीख पुकार मच गई और मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही प्रताप नगर पुलिस देर रात करीब 11.30 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि युवक कमरे में फंदे पर लटका हुआ है। परिजनों से पूछताछ में मृतक की पहचान उज्ज्वल कौशिक पिता सुरेश कौशिक उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई, जो एक फैक्ट्री में कार्य करता था।
पिता ने बताई पूरी आपबीती
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि जब वे बेटे को बुलाने उसके कमरे में गए तो वह फांसी के फंदे पर झूलता मिला। घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने शव की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई और उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सोमवार को थाना पुलिस जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंची, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घर में मातम का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।
शराब की लत और कारणों की जांच
पुलिस के अनुसार मृतक शराब का आदी बताया जा रहा है, लेकिन उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसके वास्तविक कारण फिलहाल सामने नहीं आ पाए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
