अनोखी घटना,: डीजे के शोर से बिदकी बारात की घोड़ी कुएं में गिरी,दूल्हे ने कूदकर बचाई जान

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र के पास फतेहपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान ऐसा हादसा हो गया जिसने पूरे गांव को सकते में डाल दिया। सजधज कर निकली बारात जब ढोल और तेज डीजे की धुन पर आगे बढ़ रही थी, तभी दूल्हे को लेकर चल रही घोड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सरपट दौड़ने लगी।

बारातियों को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही दूल्हे ने सूझबूझ दिखाते हुए घोड़ी से नीचे छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। वहीं घोड़ी दौड़ते हुए पास ही स्थित एक खुले कुएं में जा गिरी। घटना के बाद बारात में अफरा तफरी मच गई और लोग घबरा उठे।

तेज आवाज से घबरा गई घोड़ी

बताया जा रहा है कि बारात में डीजे बेहद तेज आवाज में बज रहा था। इसी शोरगुल से घोड़ी घबरा गई और नियंत्रण से बाहर हो गई। देखते ही देखते वह कुएं में गिर पड़ी। ग्रामीणों और बारातियों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश शुरू की। रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घोड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आवल्या विट्ठल गांव से आई थी बारात

जानकारी के अनुसार फतेहपुर में यह बारात आवल्या विट्ठल गांव से आई थी। दूल्हा पूरे ठाठ बाट के साथ घोड़ी पर बैठा हुआ था और बाराती नाचते गाते आगे बढ़ रहे थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए शादी समारोह रुक गया, लेकिन हालात सामान्य होने पर आगे की रस्में पूरी की गईं।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शादी समारोहों में तेज डीजे की आवाज किस तरह जान माल के लिए खतरा बन सकती है। गनीमत रही कि इस बार कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और दूल्हा पूरी तरह सुरक्षित रहा।

Next Story