जेल में सनसनीखेज हत्या-: राम मंदिर हमले की साजिश के आरोपी पर नुकीली वस्तु से हमला, अस्पताल में मौत

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले की नीमका जिला जेल में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब राम मंदिर पर हमले की साजिश के आरोपी अब्दुल रहमान की बैरक के अंदर हत्या कर दी गई। सह कैदी ने उस पर नुकीली पत्थरनुमा वस्तु से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

रात के विवाद के बाद हुआ हमला

मीडिया रिपोर्ट और पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार रात करीब दस बजकर तीस मिनट पर जेल की एक बैरक में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान सह कैदी अरुण चौधरी ने कथित तौर पर अब्दुल रहमान पर अचानक हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि रहमान लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जेल कर्मियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस का बयान, धारदार पत्थर से ली जान

फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरुण चौधरी ने धारदार पत्थरनुमा वस्तु से हमला किया था। यह घटना सोमवार नौ फरवरी की तड़के करीब दो बजे सामने आई। पुलिस ने आरोपी कैदी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई संगीन केस

पुलिस के अनुसार अरुण चौधरी पहले से ही गंभीर आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। उसके खिलाफ जम्मू और अमृतसर में हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े कुल आठ मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। उसे अक्टूबर 2024 में कठुआ जेल से नीमका जिला जेल में स्थानांतरित किया गया था। अब यह भी जांच की जा रही है कि बैरक में हमला किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं रही।

जेल प्रशासन की भूमिका भी जांच के घेरे में

घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कैदी के पास नुकीली वस्तु कैसे पहुंची और वारदात के समय निगरानी में कोई लापरवाही तो नहीं हुई। मामले को बेहद गंभीर मानते हुए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

Next Story