अब 'जंबो' नहीं, 'ठोक-बजाकर' बनेगी जिला कार्यकारिणी; सदस्यों की संख्या हुई सीमित

भीलवाड़ा (हलचल)। राजस्थान में जिला कांग्रेस कमेटियों के गठन को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने सख्त रुख अपनाते हुए नए पैरामीटर निर्धारित किए हैं। अब जिलों में कार्यकर्ताओं की लंबी-चौड़ी 'जंबो कार्यकारिणी' का दौर खत्म होगा। पार्टी ने संगठन को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने के लिए सदस्यों की संख्या को सीमित कर दिया है।
न्यूनतम 31 और अधिकतम 51 सदस्यों का फॉर्मूला
AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब जिला कार्यकारिणी में सदस्यों की संख्या न्यूनतम 31 और अधिकतम 51 ही रखी जाएगी। इससे पहले कई जिलों में कार्यकारिणी के सदस्यों की संख्या 100 के पार पहुंच जाती थी, जिससे संगठन का स्वरूप काफी बड़ा हो जाता था। नए नियमों के तहत अब केवल उन्हीं लोगों को जगह मिलेगी जो जमीन पर सक्रिय हैं।
डोटासरा ने जिलाध्यक्षों को भेजी गाइडलाइन
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने वेणुगोपाल के निर्देशों के आधार पर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों को पत्र भेजकर नई गाइडलाइन से अवगत करा दिया है। जिलाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सीमित संख्या में ही अपनी कार्यकारिणी की सूची तैयार कर मंजूरी के लिए पीसीसी मुख्यालय जयपुर भेजें।
जल्द होगा नई टीम का गठन
पीसीसी अध्यक्ष से मिले निर्देशों के बाद अब भीलवाड़ा सहित सभी जिलों में नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आगामी 10 फरवरी के आसपास तक अधिकांश जिलों की सूचियां पीसीसी को भेज दी जाएंगी। नई कार्यकारिणी में युवाओं और सक्रिय चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि आने वाले समय में संगठन को मजबूती मिल सके।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
