आधी रात अस्पताल जा रहे दो युवकों पर हमला, कार के शीशे तोड़ दस हजार रुपये छीने, आरोपित गिरफ्तार

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में आधी रात को कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बीमार महिला को अस्पताल ले जा रहे दो युवकों को रास्ते में रोककर हमला किया गया उनकी कार के शीशे तोड़ दिए गए और दस हजार रुपये छीन लिए गए। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बीच राह किया हमला

अनुसंधान अधिकारी एसआर सुखाडिय़ा ने बताया कि आसपुर निवासी किशन पुत्र रामेश्वर जोशी ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसके मित्र राकेश सुवालका की मां गंभीर रूप से बीमार थी। रविवार रात करीब डेढ़ बजे दोनों इलाज के लिए दस हजार रुपये लेकर क्रेटा कार से चांदरास अस्पताल जा रहे थे। जैसे ही वे पनोतिया नदी के पास पहुंचे सामने से काले रंग की बिना नंबरी किया कार आकर रुकी।

स्टील पाइप से शीशे तोड़े

कार से उतरकर आवरी माता मंदिर के पास रहने वाला कमलेश पुत्र जमना लाल सुवालका हाथ में स्टील पाइप लेकर आया और गाड़ी रुकवा ली। उसके साथ चांदमल पुत्र नंदराम भी था। दोनों ने अचानक हमला कर दिया और स्टील पाइप से कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद किशन और राकेश को जबरन बाहर खींचकर पीटा गया। किशन के हाथ पर गंभीर चोट आई।

गवाही को लेकर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित किशन ने बताया कि आरोपितों ने उसे पिछले साल की एक घटना में गवाही देने को लेकर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान कमलेश ने उससे दस हजार रुपये छीन लिए और दोनों मौके से फरार हो गए।

एक गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सोमवार को मुख्य आरोपित कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर छीनी गई रकम हमले में प्रयुक्त स्टील पाइप और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Next Story