कंटेनर ने मारी टक्कर, पुलिस जीप पलटी: एएसआई व तीन कांस्टेबल घायल, मंत्री की गाड़ी की कर रहे थे एस्कॉर्ट

भीलवाड़ा बीएचएन। जयपुर कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब जल संसाधन मंत्री की एस्कॉर्ट में चल रही पुलिस जीप को तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस जीप पलट गई और उसमें सवार एएसआई सहित चार जवान घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

भूतियाखेड़ी के पास हुआ हादसा

हनुमाननगर थाना पुलिस के अनुसार जल संसाधन मंत्री सोमवार सुबह सडक़ मार्ग से जयपुर से कोटा की ओर जा रहे थे। उनकी सुरक्षा में बूंदी पुलिस लाइन की जीप आगे चल रही थी। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे भूतियाखेड़ी के नजदीक अचानक एक कंटेनर ने पुलिस जीप को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जीप सडक़ पर पलट गई और मौके पर चीख पुकार मच गई।

एएसआई समेत चार जवान जख्मी

हादसे में जीप में सवार एएसआई मोहनलाल और कांस्टेबल विजय अभिषेक व विनोद घायल हो गए। सूचना मिलते ही हनुमाननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। एएसआई मोहनलाल और कांस्टेबल अभिषेक को देवली अस्पताल जबकि विजय और विनोद को हिंडोली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घायलों की हालत पर नजर बनाए हुए है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

हनुमाननगर थाना पुलिस ने कंटेनर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएंगे।

उसी इलाके में दो ट्रक भिड़े चालक भी घायल

इसी थाना क्षेत्र में भूतियाखेड़ी के पास एक और हादसा सामने आया जहां दो ट्रक आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए जिनमें से एक को गंभीर चोटें आई हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story