राजकीय बालिका विद्यालय के विदाई समारोह फूहड़ गानों पर डांस का वीडियो वायरल, विभाग ने जारी किया नोटिस

जहाजपुर (मोहम्मद आजाद नेब)। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय शक्करगढ़, तहसील जहाजपुर में आयोजित कक्षा 12 की विदाई समारोह से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। वीडियो में विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तेज पंजाबी और फुहड़ गानों पर छात्राओं के साथ कुछ शिक्षिकाएं भी नृत्य करती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम विद्यालय का आधिकारिक विदाई समारोह था। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों की ओर से कार्यक्रम की मर्यादा और अनुशासन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में गरिमा और अनुशासन बनाए रखा जाना आवश्यक है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में सीबीईओ जहाजपुर शिखा राणा ने बताया कि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुचित गानों के उपयोग को लेकर संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विभागीय जांच जारी है और वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है। वहीं, यह मामला शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सीमाओं और जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
