सावधान! आस्था और विश्वास के नाम पर परोसा जा रहा 'मीठा जहर',: भीलवाड़ा में भी घी के नाम पर पूजा और ग्रामीणों की सेहत से बड़ा खिलवाड़

जयपुर/भीलवाड़ा। प्रदेश में 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार' अभियान के तहत जयपुर में जो खुलासा हुआ है, उसने आस्था और स्वास्थ्य दोनों पर गहरी चोट की है। मिलावटखोर अब भगवान की पूजा और भोले-भाले ग्रामीणों के भरोसे को अपना हथियार बना रहे हैं। जयपुर के सरना डूंगर में अष्ट विनायक फूड प्रोडक्ट पर हुई कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि मुनाफाखोरों के लिए इंसानी जान की कोई कीमत नहीं है।
भगवान की पूजा के नाम पर बेचा जा रहा 'नकली घी'
पकड़े गए आरोपी रामलाल जाट ने शर्मनाक कुबूलनामा करते हुए बताया कि वह स्कूटर ब्रांड के घटिया वनस्पति और रिफाइंड तेल में घी का फ्लेवर (खुशबू) मिलाकर उसे 'देव कृष्णा' जैसे पवित्र नामों से पैक करता था। इस नकली जहर को 'पूजा के उपयोग' के नाम पर ग्रामीण क्षेत्रों में धड़ल्ले से खपाया जा रहा था। मिलावटखोर जानते हैं कि ग्रामीण और श्रद्धालु अक्सर ब्रांड की शुद्धता पर कम और धार्मिक नाम व कम दाम पर ज्यादा भरोसा करते हैं। टीम ने यहाँ से 3127 किलो मिलावटी घी सीज किया है।
भीलवाड़ा में भी सक्रिय है मिलावटखोरों का सिंडिकेट
सूत्रों की मानें तो जयपुर में पकड़ा गया यह 'जहरीला खेल' केवल राजधानी तक सीमित नहीं है। भीलवाड़ा शहर और जिले के कस्बों में भी अलग-अलग नामों और अनजान ब्रांड्स के लेबल लगाकर ऐसा ही नकली घी खुलेआम बिक रहा है। खासकर छोटी किराना दुकानों और ग्रामीण हाट-बाजारों में 'पूजा के लिए विशेष घी' बताकर लोगों की जेब काटी जा रही है और उनकी सेहत से खिलवाड़ हो रहा है।
300 किलो नकली पनीर भी नष्ट
दूसरी तरफ, झालाना डूंगरी में शर्मा पनीर भंडार पर कार्रवाई करते हुए 3 क्विंटल मिलावटी पनीर नष्ट किया गया। यह पनीर भी कौड़ियों के दाम (200 रुपये किलो) पर खरीदकर जनता को परोसा जाने वाला था।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
