पिस्टल सप्लायर नरेंद्र गिरफ्तार, दो साल से था फरार

भीलवाड़ा बीएचएन। अवैध हथियार सप्लाई करने के मामले में दो साल से फरार चल रहे पिस्टल सप्लायर नरेंद्र सिंह को गंगापुर थाना पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी और वह लगातार फरारी काट रहा था।

पुलिस के अनुसार करीब दो वर्ष पहले हरीसिंह राजपूत को एक पिस्टल के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में हरीसिंह ने खुलासा किया था कि उसने यह पिस्टल झासड़ा, जिला प्रतापगढ़ निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ देवेंद्र सिंह पुत्र शंकरसिंह राजपूत से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने नरेंद्र को नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा।

गंगापुर पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है। वैध हथियारों की सप्लाई पर पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

Next Story