ट्रिपल मर्डर का खुलासा- जहर मिले लड्डू खिलाकर जान लेने वाला तांत्रिक कमरुद्दीन गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी कार से तीन लोगों के शव मिलने के मामले में पुलिस ने तांत्रिक कमरुद्दीन को गिरफ्तार कर मामले की जांच में महत्वपूर्ण खुलासा किया है। पूछताछ में तांत्रिक ने स्वीकार किया कि उसने मृतकों को लड्डू में जहर मिलाकर मारा।
जांच में पता चला कि कमरुद्दीन ने यह वारदात केवल दिल्ली में ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी अंजाम दिया है। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी यूपी के फिरोजाबाद में और 2014 में इसी तरह के मामलों में शामिल रहा है।
घटना स्थल से जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच के बाद पुलिस ने दर्जन से अधिक तांत्रिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक तांत्रिक से मिलने उसके घर गए थे और पीरागढ़ी फ्लाईओवर की ओर कार में रवाना हुए। वहां कार कुछ समय खड़ी रही और तांत्रिक मौके से फरार हो गया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मृतकों की मौत किसी तांत्रिक अनुष्ठान के दौरान हुई या अन्य कारणों से। आरोपी पर लंबे समय से लोगों को तंत्र-मंत्र के जरिए अमीर बनाने का झांसा देने का आरोप भी है।
