भीलवाड़ा में बेखौफ चोरों का दुस्साहस,: दिनदहाड़े डॉक्टर के सूने घर से लाखों की चोरी

दिनदहाड़े डॉक्टर के सूने घर से लाखों की चोरी
X

भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल । शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने से भी नहीं चूक रहे। गुरुवार सुबह आरके कॉलोनी ए सेक्टर स्थित एक डॉक्टर के घर में घुसकर बदमाशों ने नकदी और सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

चोरी की वारदात मकान संख्या 284 में हुई, जो डॉक्टर सुनील काबरा का है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह डॉक्टर काबरा अपने प्रताप टॉकिज रोड स्थित क्लिनिक चले गए थे। मकान खाली होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश किया।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह करीब सवा ग्यारह बजे दो युवक पास के खाली भूखंड से दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर कमरों व हॉल में रखे सामान को बिखेर दिया। अलमारियों की तलाशी लेकर कीमती जेवरात और नकदी समेटी और फरार हो गए।

डॉक्टर काबरा के अनुसार चोर करीब 60 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी के गहने व बर्तन तथा 90 हजार से 1 लाख रुपये नकद ले गए। चोरी की सूचना उन्हें पड़ोसियों से मिली, जिसके बाद वे तुरंत क्लिनिक से घर पहुंचे। घर का नजारा अस्त-व्यस्त था और कीमती सामान गायब मिला।

सूचना पर सुभाषनगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध बिना नकाब के दिखाई दे रहे हैं। वे जैकेट और पेंट पहने हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासियों में भय का माहौल है और लोगों ने गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Next Story