गणेश्वर तीर्थ धाम के कुंड में सूटकेस फेंकते ही जोरदार धमाका, दहशत का माहौल

सीकर। जिले के प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुंड में फेंके गए एक सूटकेस में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी प्रबल थी कि धाम परिसर सहित आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। घटना के समय कुंड के पास जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था और मजदूर वहां काम में लगे हुए थे।

निर्माण कार्य कर रहे मजदूर सुरेश गुर्जर ने बताया कि दो श्रद्धालु जैसे दिखने वाले युवक वहां आए और अपने हाथ में रखा एक सूटकेस कुंड में फेंक दिया। मजदूर कुछ समझ पाते उससे पहले ही सूटकेस में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका होते ही वहां मौजूद श्रमिक घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सूटकेस के परखच्चे उड़ गए। कुंड की चारदीवारी पर सामग्री के छींटे फैल गए, जिससे दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके से कुंड का पानी तक उछलकर बाहर आ गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मजदूरों व उपस्थित लोगों से पूछताछ की।

घटना की खबर फैलते ही धाम परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सूटकेस में किस प्रकार की सामग्री थी तथा धमाका किस उद्देश्य से किया गया। एहतियात के तौर पर धाम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Next Story