चोर मकान से उठा ले गये अलमारी, गहने चुराकर खेत में छोड़ी, दहशत में ग्रामीण

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले में चोरों की चहल-कदमी थमती नजर नहीं आ रही है। एक के बाद एक चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी ही एक वारदात जिले के खोखरा गांव के एक मकान में हुई, जहां से चोर अलमारी उठा ले गये, जिसे गहने चोरी करने के बाद खेत में पटक गये। वारदात से गांव में दहशत है।
मांडलगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खोखरा निवासी शिवलाल गुर्जर के परिवार में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो जाने से परिवार के सदस्य दिनभर अंत्येष्टी सहित अन्य कामों में व्यस्त थे। रात को 12 बजे परिवार घर जाकर सो गया। करीब एक घंटे बाद जब शिवलाल दूसरे कमरे में गया तो उसे वहां अलमारी नहीं मिली। यह अलमारी रात 12 से एक बजे के बीच चोर चुरा ले गये। अलमारी गायब देखकर परिवार के लोग सकते में आ गये। ग्रामीणों के साथ अलमारी व चोरों की तलाश की। घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में यह अलमारी मिल गई। उसमें रखे 500 से 700 ग्राम चांदी के पायजैब व कड़े तथा लेडिज व जेंट्स के दस से पन्द्रह जोड़ी नये कपड़े गायब मिले।
चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वारदातस्थल का जायजा और पीडि़त परिवार से जानकारी लेकर चोरों की तलाश शुरु कर दी। पुलिस ने शिव लाल की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
