एनएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई: पाली में पुलिस-तस्कर मुठभेड़, सीने में गोली लगने से एक बदमाश ढेर

पाली। जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और मादक पदार्थ तस्करों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक तस्कर मारा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर एक गाड़ी के टायर पंक्चर कर उसे रोका, जिसके बाद बदमाशों ने सीधा पुलिस पर फायरिंग झोंक दी। जवाबी कार्रवाई में 36 वर्षीय भुट्टो नाम के तस्कर के सीने में गोली लगी, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।
फिल्मी स्टाइल में पीछा और फिर फायरिंग
एएसपी चैनसिंह महेचा के अनुसार, टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि दो गाड़ियों में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। पुलिस ने पीछा किया तो एक गाड़ी ओवरस्पीड में भाग निकली। दीवेर घाटी के पास पुलिस ने 'स्टिक' डालकर दूसरी संदिग्ध गाड़ी के टायर पंक्चर कर दिए। खुद को घिरा देख तस्करों ने मोर्चा खोल दिया और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायर किया, जिसमें एक गोली तस्कर भुट्टो के सीने के पार हो गई।
अस्पताल में तोड़ा दम, एक साथी हिरासत में
घायल बदमाश को लहूलुहान हालत में पहले जोजावर और फिर देर रात पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने एक अन्य युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। वहीं, फरार हुई दूसरी गाड़ी की तलाश में पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह तस्करी का नेटवर्क कहाँ तक फैला है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
