करेड़ा और शाहपुरा में दो हादसे- डंपर की टक्कर और थ्रेसर में फंसने से दो की दर्दनाक मौत

भीलवाड़ा। जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक व्यक्ति डंपर की चपेट में आकर टायर तले कुचल गया, जबकि एक किसान की जान थ्रेसर मशीन में फंसने से चली गई। दोनों घटनाओं से क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई।

डंपर की टक्कर से मौके पर मौत

करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि राजसमंद जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के मदारिया निवासी मेहराम 50 पुत्र कुशल गुर्जर अपने साथी मूलाराम गुर्जर के साथ मोपेड से जा रहा था। करेड़ा-भीम मार्ग पर तगरिया गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने मोपेड को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही पीछे बैठा मेहराम सड़क पर गिर पड़ा और डंपर के टायर के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।

थ्रेसर मशीन बनी काल

दूसरी घटना शाहपुरा थाना क्षेत्र के डाबला रोड की है। एएसआई जगदीश के अनुसार उदयभान गेट निवासी राजूलाल पुत्र गोपाल तेली शुक्रवार दोपहर अपने खेत पर ट्रैक्टर- से सरसों निकाल रहा था। इसी दौरान अचानक वह थ्रेसर मशीन में फंस गया।

मशीन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मशीन में फंसे शव को बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दोनों हादसों ने सड़क सुरक्षा और कृषि कार्य के दौरान सावधानी की आवश्यकता को फिर से उजागर कर दिया है।

Next Story