सहायक उप निरीक्षक की बेटी कृपा चौधरी बनीं भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर

भीलवाड़ा BHN. सुभाष नगर थाने में पदस्थापित सहायक उप निरीक्षक मोतीराम चौधरी की पुत्री कृपा चौधरी का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग और शहर में खुशी की लहर है।
कृपा चौधरी ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। परिवारजनों का कहना है कि बचपन से ही उनका सपना देशसेवा का था और उन्होंने संघर्ष को ही अपनी ताकत बनाया। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ निश्चय और लगातार प्रयास से हर मंजिल पाई जा सकती है।
सुभाष नगर थाना स्टाफ सहित शहर के लोगों ने कृपा को शुभकामनाएं देते हुए इसे गर्व का क्षण बताया। भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनना परिवार के लिए सम्मान की बात है।
कृपा की सफलता से युवाओं को प्रेरणा मिली है कि लक्ष्य पाने के लिए निरंतर उड़ान भरनी पड़ती है और हर तिनका जोड़कर ही आशियाना तैयार होता है।
