महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब: हरनी और तिलस्वां महादेव में लगी लंबी कतारें, 'बम-बम भोले' की गूंज
भीलवाड़ा विजय अंकुर । जिलेभर में आज महाशिवरात्रि का पर्व पूरी आस्था, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों—हरनी महादेव और तिलस्वां महादेव में तड़के से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शनों के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। पूरा वातावरण 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा है।
हरनी महादेव: तीन दिन तक अनवरत होंगे दर्शन
शहर के निकटवर्ती प्रसिद्ध हरनी महादेव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर ट्रस्ट के महादेव जाट ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में मंदिर के पट तीन दिनों तक भक्तों के लिए खुले रहेंगे। यहाँ भगवान शिव की विशेष चार प्रहर की पूजा अर्चना की जा रही है। श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन हो सकें, इसके लिए ट्रस्ट द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
तिलस्वां महादेव: सात दिवसीय मेले का हुआ आगाज
प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तिलस्वां महादेव में आज से सात दिवसीय विशाल मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मंदिर ट्रस्ट के सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि मेले और दर्शनों के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मंदिर परिसर में व्यापक व्यवस्थाएं जुटाई गई हैं। तिलस्वां में स्नान और दर्शन का आज विशेष महत्व होने के कारण दूर-दराज से भक्त यहाँ पहुँच रहे हैं।
जिलेभर में भक्ति का माहौल
भीलवाड़ा शहर के अन्य शिवालयों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी सुबह से ही अभिषेक और विशेष पूजा का दौर जारी है। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
