बाड़े में स्कॉर्पियो में आग लगाकर डोडा चूरा नष्ट करने का प्रयास, जान पर खेलकर जवानों ने बचाई भैंसें

चित्तौड़गढ़। जिले में नारकोटिक्स विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए भारी मात्रा में अफीम और डोडा चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक किसान ने साक्ष्यों को मिटाने के लिए अपने ही बाड़े में आग लगा दी, जिससे वहां बंधे बेजुबान पशुओं की जान पर बन आई।
गंगरार: स्कार्पियो जलाने के चक्कर में पशुओं को झोंका आग में
नारकोटिक्स विभाग के उपायुक्त नरेश चंदेल ने बताया कि शनिवार रात विभाग की टीम ने गंगरार क्षेत्र के मानसिंहजी का खेड़ा गांव में दबिश दी। टीम को देखकर एक किसान ने बाड़े में खड़ी डोडा चूरा से भरी स्कार्पियो को नष्ट करने के लिए वहां आग लगा दी। आग की लपटों के बीच बाड़े में भैंसें भी बंधी थीं, लेकिन आरोपी ने उनकी परवाह नहीं की। नारकोटिक्स विभाग के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाड़े का दरवाजा खोला और स्कार्पियो के साथ-साथ भैंसों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। स्कार्पियो से 323 किलो 630 ग्राम डोडा चूरा बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डूंगला: बाड़े से अफीम और डोडा चूरा जब्त
विभाग ने एक अन्य कार्रवाई डूंगला क्षेत्र के झांझलवास गांव में की। यहाँ एक किसान के बाड़े से 9 किलो 570 ग्राम अवैध अफीम और 163 किलो 420 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। विभाग ने सुरक्षा कारणों से पकड़े गए दोनों किसानों के नाम अभी गुप्त रखे हैं।
बेंगू: भीलवाड़ा के दो तस्कर गिरफ्तार
वहीं, बेंगू थाना क्षेत्र में जिला विशेष दल (DSB) ने नाकेबंदी के दौरान एक कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार से 10 कट्टों में भरा 179 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने भीलवाड़ा जिले के निवासी तस्कर रामधन गुर्जर और हरिओम शर्मा को गिरफ्तार किया है।
विशेष नोट: पिछले आठ वर्षों से अफीम किसान प्रतिबंधित डोडा चूरा का नष्टीकरण नहीं करवा रहे हैं। अक्सर विभाग को यह जवाब मिलता है कि डोडा चूरा गल गया है, लेकिन इन कार्रवाइयों ने साफ कर दिया है कि भारी मात्रा में स्टॉक छिपाकर तस्करी की जा रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
