पत्नी और प्रेमी की साजिश, सोते हुए पति का गला रेतकर हत्या, गांव में सनसनी

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोते हुए पति की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
वारदात लम्भुआ थाना क्षेत्र के मदनपुर पनिहार गांव की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अमित सिंह पुत्र हरिनाम सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि अमित की पत्नी शिल्पी सिंह का परिचित दीपक सिंह, जो खुद भी ट्रक ड्राइवर है, अक्सर घर आता-जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अवैध संबंध बन गए।
परिवार में बढ़ने लगे थे विवाद
जब अमित को पत्नी और दीपक के संबंधों की भनक लगी तो घर में विवाद शुरू हो गया। परिजन समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोप है कि शिल्पी और दीपक ने अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली।
रविवार देर रात अमित अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान शिल्पी ने दीपक को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर सोते हुए अमित पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। हमला इतना अचानक था कि अमित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारू निगम, अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। शुरुआती जांच में अवैध संबंध की बात सामने आई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी शिल्पी सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी दीपक सिंह की तलाश में एसओजी सहित चार टीमें गठित की गई हैं।
मृतक के भाई अजित सिंह की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
गांव में मातम और गुस्सा
हत्या के बाद मदनपुर पनिहार गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दोस्ती और रिश्तों के भरोसे को इस वारदात ने झकझोर कर रख दिया है। पुलिस फरार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच जारी है।
