भादू के सत्यनारायण मंदिर में चोरी, चांदी का मुकुट और गाय ले गए चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

भीलवाड़ा (बीएचएन)। मांडल थाना क्षेत्र के भादू गांव में बीती रात चोरों ने एक वारदात को अंजाम देते हुए सत्यनारायण मंदिर को अपना निशाना बनाया। चोर, मंदिर से भगवान का चांदी का मुकुट (छत्र) और परिसर में बंधी एक गाय चोरी कर ले गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मंगलवार सुबह सुबह पुजारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तब उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचित किया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया।
उधर, चोरी की इस घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस पुरानी चोरियों का भी खुलासा नहीं कर पाई है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
