बजरी माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा:: फिल्मी अंदाज में झाड़ियों में छिपकर पकड़ीं छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियां; माफियाओं में मचा हड़कंप

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। इसी कड़ी में मांडलगढ़ और पारोली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाइयां करते हुए अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और गारनेट पृथक करने वाली मशीन जब्त की हैं।
मांडलगढ़: पुलिस ने बिछाया जाल, छह वाहन जब्त
मांडलगढ़ थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा को अलसुबह मुखबिर से बजरी परिवहन की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम लाडपुरा-मांडलगढ़ मार्ग पर पहुँची और खुद को छिपाने के लिए झाड़ियों का सहारा लिया। जैसे ही बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां वहां से गुजरीं, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। पुलिस को अचानक सामने देख चालक वाहनों को बीच रास्ते ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं।
पारोली: गारनेट के ठिकाने पर दबिश, सेपरेटर मशीन पकड़ी
उधर, पारोली थाना पुलिस ने भी अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शिव सागर तालाब के पास गारनेट के ठिकाने पर छापेमारी की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गारनेट छानने वाली सेपरेटर मशीन जब्त की है। इसके साथ ही पारोली के पास से बजरी का अवैध परिवहन करती एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में लिया गया है। इन कार्रवाइयों के दौरान भी आरोपी पुलिस को देखकर भागने में सफल रहे।
