बागौर का बुझा चिराग:: पिकअप की टक्कर ने छीनी नर्सिंग छात्र की जिंदगी

पिकअप की टक्कर ने छीनी नर्सिंग छात्र की जिंदगी
X

शहर के गांधीनगर इलाके में हुआ दर्दनाक हादसा; मौत की खबर से गांव में पसरा सन्नाटा

भीलवाड़ा (बीएचएन)। शहर के गांधीनगर थाना इलाके में मंगलवार की दोपहर एक घर के अरमान उस वक्त मिट्टी में मिल गए, जब एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार नर्सिंग छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही छात्र की मौत की खबर उसके पैतृक गांव बागौर पहुँची, वहां त्योहारों के माहौल के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

सपनों को पंख लगने से पहले ही थम गई सांसें

सहायक उप निरीक्षक नारायण लाल गुर्जर ने बताया कि बागौर निवासी कमलेश (21) पुत्र गणेश माली भीलवाड़ा के एक निजी नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत था। वह मंगलवार दोपहर बाइक पर सवार होकर मालोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के नजदीक पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमलेश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। एक होनहार बेटे को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि कमलेश अपने माता-पिता का सहारा बनने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

Next Story