ससुराल में काल बना पेड़:: बकरियों के लिए चारा काटते समय फिसला पैर, सिर के बल गिरने से दामाद की मौत

भीलवाड़ा (हलचल)। जिले के शंभुगढ़ थाना क्षेत्र के दूल्हा का बाडि़या गांव में बुधवार को एक हृदय विदारक हादसा पेश आया। अपने ससुराल में रहकर खेती-बाड़ी कर रहे एक युवक की पेड़ से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बारिश के कारण गीले पेड़ ने छीनी जिंदगी
शंभुगढ़ थाने के दीवान सत्यनारायण ने बताया कि मूलतः रघुनाथगढ़ निवासी बाबू लाल (44) पुत्र उदा भील, पिछले लंबे समय से अपने ससुराल दूल्हा का बाडि़या में सपरिवार रह रहा था। बाबू लाल ने गांव में ही खेत सिजारे (हिस्सेदारी) पर ले रखा था। बुधवार को वह बकरियों के लिए टहनियां काटने के उद्देश्य से पेड़ पर चढ़ा था। हाल ही में हुई बारिश के चलते पेड़ गीला था । अचानक पैर फिसलने से बाबू लाल अनियंत्रित होकर सीधे सिर के बल पथरीली जमीन पर आ गिरा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें
हादसे में बाबू लाल के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में आसींद अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची शंभुगढ़ पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
