'मैडम जहर' गिरफ्तार: लॉरेंस बिश्नोई गैंग की 'लेडी डॉन' का दिल्ली पुलिस ने किया पर्दाफाश

नई दिल्ली । अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टरों की दुनिया में अब केवल पुरुषों का बोलबाला नहीं रहा। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग की एक ऐसी खतरनाक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है, जिसे अपराध की दुनिया में 'मैडम जहर' के नाम से जाना जाता है।
ब्यूटी पार्लर की आड़ में ड्रग्स और हथियारों का सिंडिकेट
गिरफ्तार महिला की पहचान खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा के रूप में हुई है। नेहा नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह पार्लर महज एक दिखावा था, जिसकी आड़ में वह गैंग के लिए ड्रग्स और अवैध हथियारों की सप्लाई का जिम्मा संभाल रही थी। वह अपराधियों को फरारी के दौरान सुरक्षित ठिकाने (सेफ हाउस) भी मुहैया कराती थी।
बॉबी कबूतर के साथ 7 साल से थी लिव-इन में
नेहा का सबसे करीबी कनेक्शन लॉरेंस गैंग के मुख्य गन सप्लायर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर से है। बॉबी पिछले 7 सालों से दिल्ली पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। इस लंबी फरारी के दौरान नेहा ही उसकी सबसे बड़ी मददगार और ढाल बनी रही। पुलिस ने महिपालपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर बॉबी कबूतर, नेहा और उनके दो अन्य साथियों को भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ दबोच लिया।
सिद्धू मूसेवाला और दिशा पाटनी केस से जुड़े तार
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं:
सिद्धू मूसेवाला मर्डर: बॉबी कबूतर ने ही मूसेवाला की हत्या से पहले पंजाब जाकर रेकी की थी और हमलावरों को सटीक जानकारी दी थी।
दिशा पाटनी केस: यूपी के बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग मामले में भी बॉबी वांटेड था। उसने ही शूटर्स को हथियार उपलब्ध कराए थे।
ISI कनेक्शन: बॉबी का संपर्क कुख्यात हथियार तस्कर सलीम पिस्टल से था, जिसके तार सीधे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हुए हैं।
लॉरेंस गैंग की 'लेडी डॉन्स' की बढ़ती फौज
पुलिस अब इस बात को लेकर सतर्क है कि लॉरेंस गैंग में महिलाओं का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। 'मैडम जहर' से पहले जोया खान (हाशिम बाबा की बेगम), लेडी डॉन दीपा और अनुराधा चौधरी (मैडम मिंज) जैसे नाम भी सामने आ चुके हैं। ये महिलाएं अक्सर ब्यूटी पार्लर या बुटीक की आड़ में गैंग की 'मैनेजर' के तौर पर काम करती हैं।
स्पेशल सेल अब नेहा से यह उगलवाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कितनी महिलाएं शामिल हैं और उनका अगला निशाना कौन था।
