संजय बारेठ की संदिग्ध मौत:: शरीर पर चोट के निशान देख भड़के परिजन, गोपाल लुहार के खिलाफ दी हत्या की जीरो एफआईआर

शरीर पर चोट के निशान देख भड़के परिजन, गोपाल लुहार के खिलाफ दी हत्या की जीरो एफआईआर
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। कारोई थाना क्षेत्र के जागदरी गांव निवासी संजय बारेठ की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शव पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए अंतिम संस्कार रोक दिया। कारोई पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज की है, जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र की जलगांव पुलिस को भेजा गया है।

श्मशान में खुला राज, शरीर पर मिले चोट के निशान

जानकारी के अनुसार, बुधवार को संजय की मौत को सामान्य मानते हुए परिजन अंतिम संस्कार के लिए उसे श्मशान ले गए थे। जब शव को अंतिम स्नान करवाया जा रहा था, तब ग्रामीणों और परिजनों की नजर संजय के शरीर पर मौजूद गंभीर चोट के निशानों पर पड़ी। यह देखते ही वहां हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दाह संस्कार से इनकार कर दिया और मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मेडिकल बोर्ड से हुआ पोस्टमार्टम

गुरुवार को पुलिस और परिजनों के बीच मांगों को लेकर सहमति बनी। पुलिस ने परिजनों की दो मुख्य मांगे—मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और हत्या का मामला दर्ज करना—मान लीं। इसके बाद ही परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए।

गोपाल लुहार के खिलाफ हत्या का आरोप

मृतक के भाई मुकेश ने पुलिस को दी रिपोर्ट में गोपाल लुहार नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुकेश का कहना है कि गोपाल ने ही संजय को गंभीर चोटें पहुंचाकर उसकी हत्या की है। चूंकि मामला महाराष्ट्र के जलगांव से जुड़ा है, इसलिए कारोई पुलिस ने जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज कर मामला जलगांव पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है।

Next Story