फायनेंसकर्मी बताकर युवक को रोका, मारपीट कर छीना मोबाइल, दो गिरफ्तार

भीलवाड़ा बीएचएन। दो युवकों द्वारा खुद को फायनेंसकर्मी बताकर एक राह चलते बाइक सवार युवक को रोककर मारपीट करने और उसका मोबाइल छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमीरगढ़ पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद राय के अनुसार, नायकों का खेड़ा निवासी मदन भील 11 फरवरी को अपनी बाइक से हमीरगढ़ से मंगरोप की ओर जा रहा था। इसी दौरान नई आबादी के पास उसे दो युवकों ने रोका और खुद को फायनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोपियों ने मदन पर बाइक की फायनेंस राशि बकाया होने का दबाव बनाया, जबकि मदन का कहना था कि उसने कभी बाइक पर फायनेंस करवाया ही नहीं।
विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने मदन के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। 12 फरवरी को पीड़ित मदन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने इस वारदात में शामिल आरोपित चांदमल खटीक और दिनेश बलाई को गिरफ्तार कर लिया है।
