कलयुगी भाई ने की बड़े भाई की हत्या, घर में ही गड्ढा खोदकर दफनाया शव

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में भाई-भाई के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा मोहल्ले में एक छोटे भाई ने मामूली विवाद के बाद अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। सनसनीखेज बात यह है कि आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए घर के अंदर ही 5-6 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और खुद ही थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।

चाय के लिए कुंडी खटखटाना बना मौत का कारण

घटना 10 फरवरी की बताई जा रही है। आरोपी मुसर्रिक बेग और उसका बड़ा भाई तारिक बेग घर में अकेले थे। सुबह के समय जब तारिक चाय बनाने के लिए नीचे आया और मुसर्रिक के कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो नींद में खलल पड़ने से मुसर्रिक आगबबूला हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मुसर्रिक ने कुल्हाड़ी से तारिक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गुमशुदगी का नाटक और सोशल मीडिया पर अपील

हत्या के बाद आरोपी ने शातिर दिमाग का परिचय दिया। उसने शव को आंगन में दफन कर दिया और ऊपर से नमक डाल दिया ताकि बदबू न आए। इसके बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई और सोशल मीडिया पर भी उसे ढूंढने का नाटक करता रहा। हालांकि, मृतक के मामा मंसूर को मुसर्रिक के व्यवहार पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस की सख्ती के आगे टूटा आरोपी

पुलिस ने जब मुसर्रिक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर की खुदाई करवाई गई, जहां से तारिक का गला-सड़ा शव बरामद हुआ। आरोपी मुसर्रिक, जो शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है, अब पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस संपत्ति विवाद और अनुकंपा नियुक्ति जैसे अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से जांच कर रही है।

Next Story