'तमंचे पे डिस्को' गाने पर डांस के दौरान चली गोली, शादी समारोह में व्यक्ति की मौत

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के कोतवाली मंडी इलाके में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे पर 'तमंचे पे डिस्को' गाने पर डांस के दौरान अचानक गोली चल गई। इस हादसे में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद वैवाहिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
बैंक्वेट हॉल में पसरा सन्नाटा
जानकारी के अनुसार, अग्रवाल धर्मशाला के पास एक बैंक्वेट हॉल में वेद विहार निवासी नवीन उपाध्याय के परिवार की शादी का समारोह चल रहा था। रात के समय युवक जोश में डीजे पर थिरक रहे थे। इसी बीच डीजे ने जैसे ही 'तमंचे पे डिस्को' गाना बजाया, कुछ युवक हाथ में असलहा लेकर डांस करने लगे।
लापरवाही ने ली शिवचरण की जान
डांस के दौरान एक युवक के हाथ में मौजूद असली तमंचे से अचानक गोली चल गई, जो सीधे समारोह में आए शिवचरण रोहिल्ला (50) को जा लगी। गोली लगते ही शिवचरण लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने इस घटना को घोर लापरवाही का मामला बताया है।
