सिगरेट पीने से मना किया तो सनकी युवक ने पेट्रोल पंप और बाइक में लगाई आग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला इलाके में एक सनकी युवक की जानलेवा करतूत सामने आई है। कर्मा चौक स्थित संगीता पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीने से मना करने पर एक युवक ने न केवल अपनी बाइक, बल्कि पेट्रोल पंप के नोजल में भी आग लगा दी। गनीमत रही कि पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाई, जिससे एक भीषण विस्फोट और बड़ा हादसा टल गया।

मना करने पर भड़का गुस्सा, लाइटर से सुलगाई आग

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात धर्मेंद्र सिंह क्षत्रिय और इमरान कुरैशी बाइक में पेट्रोल डलवाने पंप पहुंचे थे। पेट्रोल डलवाने के दौरान धर्मेंद्र लाइटर निकालकर सिगरेट जलाने लगा। जब उसके दोस्त और कर्मचारियों ने सुरक्षा कारणों से उसे रोका, तो वह आगबबूला हो गया। गुस्से में आकर उसने जलता हुआ लाइटर सीधे बाइक की खुली टंकी पर मार दिया, जिससे तत्काल भीषण आग लग गई।

कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा धमाका

आग लगते ही पंप पर अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही कर्मचारी ने नोजल बाहर निकाला, आग की लपटें मशीन तक पहुँच गईं। कर्मचारियों ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए पंप का मेन स्विच बंद किया और फायर फाइटिंग उपकरणों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। अगर आग भूमिगत टैंक तक पहुँच जाती, तो पूरा इलाका दहल सकता था।

भागते हुए पकड़े गए आरोपी, भेजे गए जेल

वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सजग कर्मचारियों ने उन्हें दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उरला पुलिस ने धर्मेंद्र और इमरान के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Next Story