घर से निकले झोलाछाप डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, झाड़ियों में मिला शव

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक झोलाछाप डॉक्टर की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के जामगांव-बेहरापाली के बीच नाले के पास झाड़ियों में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात में जुटी है।
इलाज के बैग और कागजात के बीच मिला शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब ग्रामीण जामगांव और बेहरापाली के बीच कुर नाला रपटा पुल के पास से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर कपड़ों से ढके एक शव पर पड़ी। शव के पास ही मरीज का उपचार करने वाला बैग और कुछ जरूरी कागजात बिखरे हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शिनाख्त की, तो मृतक की पहचान बेहरापाली निवासी सत्यानंद प्रधान (40 वर्ष) के रूप में हुई।
बुधवार शाम से थे लापता
परिजनों ने बताया कि सत्यानंद बुधवार शाम को अपनी बाइक लेकर घर से घूमने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। अगली सुबह उनका शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की प्रबल आशंका जताई जा रही है। मृतक के भाई ने गांव के ही दो व्यक्तियों के साथ पुराने विवाद का हवाला देते हुए हत्या का शक जताया है। हालांकि, पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साइबर सेल और पुलिस की टीमें संदिग्धों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही हैं।
