भीषण सड़क हादसा: विधायक की गाड़ी की टक्कर से पूर्व सरपंच की मौत, हाइवे पर लगा जाम

बूंदी | बूंदी जिले के हिण्डोली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर की तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) की टक्कर से उमर के पूर्व सरपंच बाबू मोहन सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
विधायक की गाड़ी और मोपेड के बीच जोरदार भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर अपने गनमैन और पीए के साथ जयपुर से खानपुर लौट रहे थे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे पेंच की बावड़ी के पास उनकी एसयूवी ने सामने से आ रही एक मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड के परखच्चे उड़ गए और मोपेड सवार पूर्व सरपंच बाबू मोहन सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तनाव के बीच विधायक को ले जाना पड़ा थाने
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर विधायक सुरेश गुर्जर को हिण्डोली थाने ले गई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। विधायक का पक्ष है कि मोपेड चालक गलत दिशा से आ रहा था, जबकि परिजन और ग्रामीण निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।
हाइवे पर प्रदर्शन, वाहनों की लगी लंबी कतारें
पूर्व सरपंच की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पेंच की बावड़ी हाइवे पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हैं।
